अंबिकापुर:- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। उदयपुर थाना क्षेत्र के टिहरी जंगल में 9वीं कक्षा के एक छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में छात्र के चेहरे पर भारी पत्थर से हमला किए जाने और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस हत्या के एंगल से मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, सलका गांव निवासी 15 वर्षीय वीरेंद्र कंवर गुरुवार शाम घर से खेलने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार सुबह टिहरी जंगल में योग करने पहुंचे कुछ लोगों की नजर एक शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि मृतक का चेहरा किसी भारी पत्थर से बुरी तरह कुचला गया था, जबकि उसके पैर में भी गंभीर चोट के निशान पाए गए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान सलका हाईस्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले वीरेंद्र कंवर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।

