बिलासपुर :- जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया और इसी दौरान एक युवक ने चाकू से हमला कर ओम दिवाकर की हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, हालांकि पुलिस ने देर रात एक आरोपी को पकड़ लिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के मैट्रिक्स चौक के पास रविवार देर शाम दो गुटों के बीच हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक ओम दिवाकर नयापारा क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, ओम दिवाकर और सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। रविवार शाम ओम अपने कुछ साथियों के साथ घर के पास मैट्रिक्स चौक पर खड़ा था। इसी दौरान सुनील उर्फ कल्लू टाइगर भी अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। दोनों के बीच पहले गाली-गलौज शुरू हुई और फिर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
इसी दौरान एक युवक ने धारदार चाकू निकालकर ओम दिवाकर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू लगने से ओम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी। देर रात पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

