फतेहपुर: – मलवां कस्बे में सोमवार शाम को गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया. दो मंजिला मकान भरभराकर ढह गया और 4 लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में कई लोग घायल हैं. एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है. उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है.
सीएम योगी ने दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि दुःख जताया है. अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने एवं घायलों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने हेतु निर्देश दिए हैं.
हादसा कस्बा निवासी सुरेश गुप्ता उर्फ धुन्नर के मकान में हुआ. वह सब्जी और फल बेचने का काम करते हैं. परिजनों के अनुसार, घर में खाना बनाने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया. तेज धमाके के बाद दो मंजिला मकान ढह गया और परिवार के सदस्य मलबे में दब गए.
फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में सुरेश का बेटा कुनाल (19), भतीजा वेद (14), यश (8) और अर्पित (15) को मृत घोषित कर दिया गया.
सुरेश का भतीजा आलोक गुप्ता (23) की हालत गंभीर है. वह करीब 90 फीसदी झुलसा है. खुद सुरेश गुप्ता (50), उनका भतीजा ओम (7) और भतीजी शिवानी (23) घायल हैं. शिवानी मामूली रूप से घायल थी. उसे अस्पताल से डिचार्ज कर दिया गया है.
धमाके में सुरेश गुप्ता के पड़ोसी महेश सिंह और प्रदीप सिंह का भी मकान प्रभावित हुआ है. जबकि अनमोल सिंह और रूपा सिंह के घरों की दीवारें ढह गईं. हादसे के समय महेश और प्रदीप के परिवारों के सदस्य घर के बाहर थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
आसपास के कुछ मकानों की बीम भी विस्फोट के प्रभाव से प्रभावित हुई हैं, हालांकि वहां किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. फोरेंसिक टीम और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर जांच में जुटी हैं.
सुरेश गुप्ता के चाचा जगन्नाथ ने बताया, मुझे सूचना मिली थी कि मेरे भतीजे के घर में विस्फोट हुआ है. कुछ देर बाद मोहल्ले के लोगों ने फोन कर बताया कि पूरा मकान ढह गया है. मैं तुरंत मौके पर पहुंचा. घर में दो महिलाएं और चार बच्चे मौजूद थे. वे बुरी तरह झुलस गए थे. हादसे में मेरे एक नाती की भी मौत हो गई.
पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे पीआरवी को स्थानीय लोगों ने मलवां कस्बे में सिलेंडर फटने की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. सात लोगों को निकाला गया. जिसमें 4 की मौत हो गई.

