नई दिल्ली :- स्वतंत्रता दिवस के जश्न से ठीक एक दिन पहले राजधानी दिल्ली को दहलाने की एक सनसनीखेज धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। दिल्ली की पांच प्रमुख और अति-संवेदनशील जगहों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इन स्थानों में दिल्ली हाई कोर्ट, जामनगर हाउस, झंडेवालान फ्लैटेड फैक्टरी कॉम्प्लेक्स, साकेत स्थित डीएम ऑफिस और दिल्ली एयरपोर्ट का टर्मिनल-3 शामिल हैं।
इमारतें कराई गईं खाली
ईमेल के जरिए धमकी की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें तुरंत सभी पांचों स्थानों पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर इमारतों को तुरंत खाली कराया गया और विस्तृत सर्च ऑपरेशन चलाया गया। दमकल अधिकारियों और पुलिस के अनुसार, अब तक की गहन जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु या सामग्री बरामद नहीं हुई है।
दिल्ली हाई कोर्ट के ज्वाइंट सेक्रेटरी (वकील) कुणाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि यह धमकी पहली नजर में फर्जी प्रतीत होती है। परिसर में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा बल व स्निफर डॉग्स की मदद से पूरे प्रांगण की बारीकी से जांच की जा रही है। डरने या पैनिक होने की कोई जरूरत नहीं है।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर राजधानी में अभेद्य सुरक्षा
सुरक्षा तैयारियों की जानकारी देते हुए डीसीपी (नॉर्थ) राजा बांठिया ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पिछले कई दिनों से विशेष योजना पर काम चल रहा है। सुरक्षा व्यवस्था में आतंकवाद विरोधी अभियान, भीड़ नियंत्रण, त्वरित प्रतिक्रिया बल और वीआईपी सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है।
लगभग 20 हजार सुरक्षा बलों की तैनाती
15 अगस्त के मुख्य समारोह के लिए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के लगभग 15,000 से 20,000 जवानों को तैनात किया गया है। लाल किला और आसपास के लगभग 3 किलोमीटर के दायरे में सीसीटीवी कैमरों, ‘अभिज्ञान’ ऐप और आधुनिक वीडियो एनालिटिक्स की मदद से कड़ी निगरानी रखी जा रही है। ट्रैफिक पुलिस ने पार्किंग और रूट डायवर्सन के स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। पार्किंग पास जारी किए गए हैं ताकि सार्वजनिक परिवहन और निजी वाहनों से आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

