उत्तर प्रदेश:- लखीमपुर खीरी जनपद अंतर्गत निघासन थाना क्षेत्र के ग्राम चखरा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां घरेलू कलह के दौरान एक युवक ने अपनी बाइक से पेट्रोल निकालकर अपने ही माता-पिता पर उड़ेल दिया और आग लगा दी। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना में गंभीर रूप से झुलसे पिता की सोमवार को लखनऊ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि मां की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
सास-बहू के विवाद में भड़का बेटा, बाइक से निकाला पेट्रोल
घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। ग्राम चखरा निवासी बलराम शाह की पत्नी वैजयंती और उनकी बहू छाया के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान बलराम शाह का पुत्र सपालू बाहर से घर पहुंचा। घर में सास-बहू के बीच कहासुनी देखकर सपालू आपा खो बैठा और अपने माता-पिता को भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने बाहर खड़ी अपनी मोटरसाइकिल की टंकी से पेट्रोल निकाला और सीधे अपने माता-पिता के ऊपर डालकर माचिस लगा दी। आग की लपटों में घिरे माता-पिता बुरी तरह झुलस गए, जबकि इस दौरान सपालू के भी दोनों हाथ झुलस गए।
लखनऊ में तोड़ा दम, जिला अस्पताल में मां का इलाज जारी
चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने आग बुझाई और तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी निघासन पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों बुजुर्गों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।पिता बलराम शाह की अत्यंत नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया था, जहां सोमवार दोपहर उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसी मां वैजयंती का जिला अस्पताल में सघन उपचार चल रहा है।
हत्या की धाराओं में तरमीम होगा मुकदमा
घटना की पुष्टि करते हुए सीओ निघासन शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी बेटे सपालू को पुलिस ने हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि वारदात के बाद सपालू के खिलाफ जानलेवा हमले धारा 307 के समकक्ष बीएनएस धाराओं का मुकदमा दर्ज किया गया था। अब पिता की मृत्यु हो जाने के बाद इस मामले में हत्या की सुसंगत धाराएं बढ़ाई जा रही हैं।

