बिहार:- मुजफ्फरपुर जिले के रामपुरहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मकसूदपुर गांव से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खेलते-खेलते लापता हुई दो नाबालिग चचेरी बहनों के शव 36 घंटे बाद बुधवार सुबह एक चिमनी परिसर से बरामद किए गए। शव क्षत-विक्षत हालत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में भारी तनाव का माहौल है। दोनों मृतका चचेरी बहनें हैं।
मृत बच्चियों की पहचान मकसूदपुर निवासी राजेश राय की 12 वर्षीय पुत्री मौसमी कुमारी और वीरचंद्र कुमार की 7 वर्षीय पुत्री रूची कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चियां घर के पास खेल रही थीं। उसी दौरान पास में बख्तौर भूईया बाबा की पूजा भी चल रही थी, जिससे परिजनों को लगा कि बच्चियां वहीं होंगी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू की गई।
लगातार तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर मंगलवार को रामपुरहारी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बुधवार सुबह गांव के पास एक चिमनी (ईंट भट्ठा) के पास चौर से दोनों बच्चियों के शव बरामद हुए। हाथ, पांव और सिर कटा हुआ शव मिला। शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

