रायपुर:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से रायपुर स्थित उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश के औद्योगिक विस्तार, निवेश और आर्थिक विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में खास तौर पर राजनांदगांव में GAIL (इंडिया) लिमिटेड के प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
फर्टिलाइजर प्लांट से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राजनांदगांव में प्रस्तावित गैस आधारित फर्टिलाइजर प्लांट क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई दिशा दे सकता है। परियोजना के शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ इससे जुड़े सहायक उद्योगों और कारोबार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।उन्होंने कहा कि इस तरह की बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं से राजनांदगांव ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए नए अवसर तैयार होंगे।
इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने पर जोर
बैठक में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को आधुनिक तकनीक और उच्च मूल्य आधारित विनिर्माण के क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0 के माध्यम से प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स और आधुनिक विनिर्माण से जुड़े उद्योगों के लिए बेहतर माहौल तैयार किया जा रहा है। इससे छत्तीसगढ़ को इस क्षेत्र के उभरते औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
निवेश को रोजगार और विकास से जोड़ने पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के आपसी समन्वय से छत्तीसगढ़ में बड़े निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं के लिए नई संभावनाएं बनी हैं। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश में आने वाला निवेश केवल उद्योगों के विस्तार तक सीमित न रहे, बल्कि इसका सीधा लाभ स्थानीय युवाओं को रोजगार, क्षेत्रीय विकास और आर्थिक समृद्धि के रूप में मिले।

