कानपुर:- डिजिटल दौर में सोशल मीडिया के जरिए बने रिश्तों का एक अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। महाराजपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली तीन बच्चों की 30 वर्षीया मां को इंस्टाग्राम पर 25 साल की एक युवती से प्यार हो गया। प्रेम इस कदर परवान चढ़ा कि महिला अपने परिजनों को छोड़कर युवती के साथ किराए का कमरा लेकर रहने लगी। गुमशुदगी की जांच में जुटी महाराजपुर पुलिस ने बुधवार रात दोनों को पनकी इलाके से बरामद कर लिया। थाने पहुंचने पर महिला ने परिजनों के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया और युवती के साथ ही जीवन बिताने की जिद पर अड़ी हुई है।
इन्स्टाग्राम पर हुई थी मुलाकात, एक साल में गहराया प्यार
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि महिला और 25 वर्षीया युवती (जो मूल रूप से महाराजपुर की रहने वाली है और दिल्ली में रहती थी) की पहली मुलाकात करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे ऑनलाइन बातचीत का दायरा बढ़ा और दोनों के बीच समलैंगिक प्रेम संबंध बन गए। दोनों ने आपस में तय किया कि वे दुनिया की परवाह किए बिना एक साथ रहेंगी।
मायके से लापता हुई महिला, सरसौल के युवक ने दिलाई पनकी में छत
घटनाक्रम के अनुसार, महिला छह सितंबर को अपने मायके से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। महिला पहले मायके से निकली और पनकी पहुंची, जहां सरसौल निवासी एक परिचित युवक की मदद से उसने किराए पर कमरा लिया। इसके तुरंत बाद युवती भी दिल्ली से सीधे पनकी पहुंच गई और दोनों साथ रहने लगीं।
पुलिस ने की बरामदगी, महिला बोली- ‘हम एक-दूसरे से प्यार करते हैं’
महाराजपुर पुलिस ने सर्विलांस और सटीक सूचना के आधार पर बुधवार रात पनकी स्थित किराए के कमरे में दबिश देकर दोनों को बरामद किया। थाने लाए जाने के बाद महिला के परिजन उसे घर ले जाने के लिए समझाते रहे, लेकिन उसने अपने बच्चों और पति के पास लौटने से इनकार कर दिया। महिला का कहना है कि वे दोनों बालिग हैं, एक-दूसरे से प्यार करती हैं और आगे का जीवन साथ ही व्यतीत करना चाहती हैं।
थाना प्रभारी का बयान: बालिग हैं दोनों, विधिक प्रक्रिया जारी
महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में दो बालिग युवतियों के बीच समलैंगिक संबंधों और आपसी सहमति से साथ रहने की बात सामने आई है। दोनों पक्ष हिंदू समुदाय से हैं। चूंकि महिला और युवती अपनी मर्जी से साथ रहने पर अडिग हैं, इसलिए मामले में नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

