रायगढ़:- रामभांठा में 16 वर्षीय किशोर की हत्या का 24 घंटे में खुलासा हो गया। मामले में 20 वर्षीय शिवम बरेठ और 23 वर्षीय शिवम बानी को गिरफ्तार किया गया है।जानकारी के मुताबिक, हत्या की वजह प्रेम संबंध को लेकर विवाद था।
आरोप है कि शिवम बानी एक स्थानीय लड़की से एकतरफा प्रेम करता था, जबकि किशोर का उस लड़की से मिलना-जुलना था। इसी बात को लेकर दोनों आरोपियों का किशोर से विवाद हुआ। 14 सितंबर की रात किशोर चक्रधर समारोह देखने की कहकर घर से निकला था। अगले दिन पुराने बस डिपो के पास संजय बेरीवाल के खाली प्लॉट में उसका शव मिला। सिर पर चोट के निशान थे।
जांच में मृतक को आखिरी बार दोनों आरोपियों के साथ देखे जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का अनुसार पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात कबूल की।
आरोपियों के मेमोरेडम के आधार पर मृतक का मोबाइल और घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिवम बरेठ आदतन बदमाश है और क्षेत्र में दहशत फैलाना उसका काम है जिसके खिलाफ पहले भी कई के मामले दर्ज हैं।

