CG: शासकीय स्कूल की 12वीं की छात्रा प्रार्थना के दौरान बेहोश होकर गिरी, हालत गंभीर
बिलासपुर:- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सीपत क्षेत्र के एक शासकीय स्कूल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा ने नींद की गोलियों का ओवरडोज ले लिया। स्कूल में प्रार्थना (प्रेयर) के दौरान छात्रा अचानक चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ी। आनन-फानन में स्कूल प्रबंधन ने परिजनों को सूचित किया और छात्रा को गंभीर हालत में सिम्स (SIMS) अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रार्थना के दौरान बिगड़ी तबीयत
मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला खैरा डगनिया शासकीय हाई स्कूल का है। यहां पढ़ने वाली 18 वर्षीय छात्रा शिवानी केंवट रोज की तरह सुबह अपना बैग लेकर स्कूल पहुंची थी। सुबह जब सभी बच्चे प्रार्थना के लिए मैदान में एकत्र हुए थे, तभी अचानक शिवानी की तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होकर गिर गई। छात्रा को इस तरह अचानक गिरता देख स्कूल स्टाफ और बच्चों में अफरा-तफरी मच गई।
बैग से मिला गोलियों का खाली रैपर
घटना के बाद जब स्कूल स्टाफ ने छात्रा के बैग की तलाशी ली, तो उसमें से नींद की गोलियों का खाली रैपर बरामद हुआ। सूत्रों के अनुसार, छात्रा ने पहले भी इस तरह की गोलियों का सेवन किया था और इस बार उसने गोलियों का ओवरडोज ले लिया, जिससे उसकी स्थिति बिगड़ गई।
कारण फिलहाल अज्ञात, डिप्रेशन की आशंका
छात्रा ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका वास्तविक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुरुआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि छात्रा किसी बात को लेकर मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में थी या फिर किसी घरेलू विवाद के चलते उसने यह कदम उठाया।
अस्पताल में इलाज जारी
फिलहाल छात्रा को सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में रखा गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इधर, पुलिस और स्कूल प्रशासन परिजनों और स्कूल स्टाफ से पूछताछ कर घटना के सही कारणों का पता लगाने में जुट गया है।

