मध्यप्रदेश:- राजगढ़ में रविवार को घरेलू हिंसा का एक खौफनाक मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने खाना परोसने को लेकर हुई मामूली बहस के बाद अपनी पत्नी को जंजीर से बांध दिया और उसके प्राइवेट पार्ट्स जला दिए।
बताया जा रहा है कि, यह घटना राजगढ़ जिले के खिलचीपुर की है। छिपिपुरा गांव की रहने वाली पीड़िता मांगीबाई तंवर ने खिलचीपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि 10 जून को उनके पति सरदार सिंह तंवर इस बात से नाराज हो गए कि उन्होंने खाना सीधे उनके हाथ में नहीं दिया। आरोप है कि, उन्होंने गाली-गलौज की और डंडे से मारपीट की।
अगले दिन, जब मांगीबाई मारपीट की शिकायत करने पुलिस स्टेशन जा रही थीं, तो उनके पति ने उन्हें पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास रोका और फिर से पीटा। स्थानीय निवासी बालू तंवर ने बीच-बचाव किया और उन्हें बचाया।
हालांकि, आरोपी उन्हें जबरदस्ती घर ले गया, जहां उसने लोहे की जंजीर से उन्हें एक खंभे से बांध दिया और ताला लगा दिया। उसने कथित तौर पर कहा कि वह कभी भी शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस स्टेशन नहीं पहुंच पाएंगी।
महिला ने बताया कि, वह सुबह से शाम तक बंधी रहीं। घर में सिर्फ पति-पत्नी ही रहते थे इसलिए उनकी मदद करने वाला कोई नहीं था। आखिरकार वह जंजीर तोड़ने और भागने में कामयाब रहीं। इसके बाद वे पुलिस स्टेशन पहुंची।
अपनी शिकायत में मांगीबाई ने यह भी आरोप लगाया कि, उनके पति ने गैस स्टोव पर लोहे की रॉड गर्म की और उनकी जांघों और प्राइवेट पार्ट्स को जला दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उसने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।
शिकायत के बाद पुलिस ने FIR दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान, व्यक्ति ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी को ‘डराने’ के लिए ऐसा किया था।
खिलचीपुर पुलिस स्टेशन के इंचार्ज कमल सिंह गहलोत ने बताया कि आरोपी हिरासत में है और आगे की जाँच चल रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी को शराब पीने की लत है। महिला के साथ की गई इस बेहद क्रूर हरकत के कारण लोगों में भारी आक्रोश है।

