CG: EOW ने शराब, कोल लेवी और मेडिकल घोटाला मामले में की छापेमार कार्रवाई, शुक्रवार को 16 जगहों पर पहुंची टीम
रायपुर:- राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने शुक्रवार 30 अक्टूबर को शराब, कोल लेवी और मेडिकल घोटालों से जुड़े प्रकरणों में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, कोरबा एवं गरियाबंद जिलों के कुल 16 स्थानों पर रेड की कार्रवाई की है.
दुर्ग-बिलासपुर में भी छापा
EOW ने शराब घोटाले से संबंधित मामले में रायपुर एवं राजनांदगांव जिलों के कुल 6 स्थानों पर तलाशी की कार्रवाई की है. कोल लेवी घोटाले से संबंधित मामले में कोरबा, बिलासपुर, रायपुर एवं दुर्ग जिलों के कुल 6 स्थानों पर तलाशी की कार्रवाई की गई. इसी प्रकार मेडिकल घोटाले से संबंधित मामले में रायपुर एवं गरियाबंद जिलों के कुल 4 स्थानों पर तलाशी की कार्रवाई की गई.
कई दस्तावेजों की जांच
इस कार्रवाई के दौरान मामले से संबंधित वित्तीय अनियमितताओं, अवैध लेन-देन एवं आर्थिक गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण अभिलेख, संपत्तियों की रजिस्ट्री के दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और अन्य साक्ष्य संकलित किए गए हैं. तलाशी के दौरान मिले नवीन तथ्यों एवं साक्ष्यों से मामले में पूर्व में स्थापित साक्ष्य से जुड़ी कड़ियों को और अधिक मजबूती मिलने की संभावना है.
प्राप्त दस्तावेजों, डिजिटल उपकरणों एवं अन्य साक्ष्यों का सूक्ष्म परीक्षण एवं विश्लेषण किया जा रहा है. मामले से संबंधित आरोपियों की भूमिका एवं उनके खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक एवं विवेचनात्मक कार्रवाई निरंतर जारी है.

