धमतरी:- जिले में जहरीले सांप के डसने से एक व्यक्ति की मौत का दर्दनाक मामला सामने आया है। परेवाडीह गांव में रविवार रात घर के भीतर सो रहे एक युवक को बिस्तर में छिपे कॉमन करैत ने डस लिया। परिजन जब तक उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान विकलांग विक्रम साहू के रूप में हुई है, जो परेवाडीह गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह रात में अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान बिस्तर में छिपे करैत ने उसे डस लिया। शुरुआत में किसी को इसका एहसास नहीं हुआ, लेकिन सुबह उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में जहरीले सांपों की बढ़ती मौजूदगी को लेकर चिंता भी बढ़ गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, कॉमन करैत भारत के सबसे जहरीले सांपों में से एक माना जाता है। इसका जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है, जो शरीर के तंत्रिका तंत्र (नर्वस सिस्टम) पर तेजी से असर करता है। कई मामलों में इसके काटने पर शुरुआत में दर्द या सूजन बहुत कम होती है, जिससे पीड़ित और परिजन खतरे को समय पर पहचान नहीं पाते। यही वजह है कि इलाज में देरी जानलेवा साबित हो सकती है।

