रायपुर:- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को अभनपुर में भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 139वां एपिसोड सुना. इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक महीने के अंतिम रविवार का देशवासियों को बेसब्री से इंतजार रहता है. प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से 140 करोड़ देशवासियों से रूबरू होते हैं और समाज व देशहित में किए जा रहे नवाचारों एवं प्रयासों को साझा करते हैं.
मन की बात से देशवासियों को मिलती है प्रेरणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह सौभाग्य का विषय है कि सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 139वें एपिसोड को सुनने का अवसर मिला. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों द्वारा किए जा रहे नवाचारों, जनहित के कार्यों और उल्लेखनीय प्रयासों को देश के सामने रखते हैं. इससे देशवासियों को प्रेरणा मिलती है और समाज एवं राष्ट्रहित में कुछ नया करने की जिज्ञासा जगती है.
दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगी प्रदेश प्रभारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं. इस दौरान वे विभिन्न स्तरों पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगी और उनसे मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा करेंगी.
