गाजियाबाद:- राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन (गुलधर) स्थित भट्टा नंबर-05 रोड के किनारे एक खेत में हाईटेंशन बिजली का तार टूटने से दो महिलाओं की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से झुलस गई. हर रोज की तरह आज भी तीनों महिलाएं खेत पर काम करने के लिए घर से निकली थी. तीनों महिलाएं खेत में काम कर रही थी. इस दौरान तीनों महिलाएं खेत में टूटे पड़े बिजली के तार के चपेट में आ गई. इसके बाद तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई.
आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिलाओं को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. जहां उपचार के दौरान दो महिलाओं की मौत हो गई. जबकि एक महिला का उपचार जारी है. मृतकों की पहचान सत्यवती 50 वर्ष पत्नी थान सिंह और रूबी 20 वर्ष पत्नी शिवम के रूप में हुई है. जबकि देशश्री पुत्री थान सिंह गंभीर रूप से घायल है. देशश्री का अस्पताल में इलाज जारी है.
गाजियाबाद पुलिस के अनुसार, रोज की तरह मंगलवार सुबह करीब सात बजे ये महिलाएं खेत में काम करने (मूली लेने) गई थीं. इसी दौरान खेत में पहले से टूटकर गिरा हाईटेंशन लाइन का लाइव तार अचानक उनकी चपेट में आ गया. तार में तेज करंट प्रवाहित होने के कारण तीनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि बिजली विभाग की इस बड़ी लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है.
सहायक पुलिस आयुक्त नन्दग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, 20 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 8:15 बजे थाना नंदग्राम पर सूचना प्राप्त हुई कि गुलधर क्षेत्र में भट्टा नंबर 05 रोड के बगल वाले खेत में बिजली का तार टूटा होने के कारण, सुबह खेत में काम करने गईं तीन महिलाएं इसके सम्पर्क में आने से घायल हो गई. घायल महिलाओं को उपचार हेतु तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान दो महिलाओं की मृत्यु हो गई, जिनके नाम सत्यवती पत्नी थान सिंह, उम्र लगभग 50 वर्ष तथा रूबी पत्नी शिवम, उम्र लगभग 20 वर्ष हैं. एक अन्य महिला देशश्री पुत्री थान सिंह घायल हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है. मृत महिलाओं का पंचायतनामा कराकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है तथा मौके पर शांति व्यवस्था कायम है.

