सूरजपुर:- ओड़गी थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब कर्री-कूप्पी के घने जंगल में एक नर कंकाल मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी. जंगल में कंकाल पड़े होने की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए कंकाल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
लापता शख्स का मिला कंकाल
नर कंकाल और उसके आसपास मिले कपड़ों और दूसरे सामान के बारे में पुलिस ने आसपास के गांव में पूछताछ शुरू की. सूरजपुर पुलिस के एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि बीते फरवरी माह में ओड़गी थाना में गोविंदगढ़ निवासी मिथलेश राजवाड़े ने अपने पिता बरनसाय राजवाड़े के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी, तब से पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी. मंगलवार को जंगल में मिले कंकाल के पास मौजूद कपड़ों और अन्य सामान को देखकर मृतक के बेटे ने उसकी पहचान अपने पिता बरनसाय राजवाड़े के रूप में की है.

