धमतरी:- छत्तीसगढ़ के धमतरी में दशहरे की खुशियों के बीच एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने रामलीला देखने पहुंचे लोगों को दहला दिया। रावण दहन से पहले चल रहे कार्यक्रम में अचानक आग भड़की और देखते ही देखते हनुमान, अंगद और जामवंत का किरदार निभा रहे तीन कलाकार इसकी चपेट में आ गए। मैदान में चीख-पुकार मच गई, लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आग ने तीनों कलाकारों के कपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया।
देखते ही देखते कलाकारों के कपड़ों में लगी आग
तस्वीरें धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक के ग्राम छिपली की हैं, विजयादशमी के मौके पर गांव के रामलीला मैदान में बड़ी संख्या में ग्रामीण रामलीला देखने पहुंचे थे। माहौल उत्साह और उमंग से भरा था भगवान राम की लीला का मंचन चल रहा था और रावण दहन की तैयारियां की जा रही थीं, लेकिन रावण दहन से पहले ही मैदान में कुछ ऐसा हुआ, जिसने पूरे आयोजन की तस्वीर बदल दी। रामलीला में हनुमान, अंगद और जामवंत का किरदार निभा रहे तीन कलाकार आग की चपेट में आ गए। देखते ही देखते उनके कपड़ों में आग फैलने लगी और मैदान में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हर कोई घायलों को बचाने और आग बुझाने की कोशिश में जुट गया।
कैसे लगी आग
जानकारी के मुताबिक, छिपली निवासी हेमंत ध्रुव, तोषण साहू और एक नाबालिग दीपयानसु सोम रामलीला में अलग-अलग किरदार निभा रहे थे पात्रों को प्रभावशाली दिखाने के लिए उनके कपड़ों में रुई लगाई गई थी। इसी दौरान मुंह में मिट्टी का तेल लेकर आग का प्रदर्शन किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि आग की लपटें अचानक कलाकारों के कपड़ों में लगी रुई तक पहुंच गईं। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और तीनों कलाकार उसकी चपेट में आ गए।
आग लगते ही रामलीला मैदान में मची चीख-पुकार
आग लगते ही रामलीला मैदान में चीख-पुकार मच गई। दर्शकों के बीच घबराहट का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाने का प्रयास किया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जिस रामलीला को देखने के लिए ग्रामीण परिवार के साथ पहुंचे थे, उसी आयोजन में अपनों को आग की लपटों से घिरा देखकर लोगों के होश उड़ गए इस हादसे में तीनों कलाकारों को चोटें आई हैं।
तीनों घायलों का इलाज जारी
शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक कलाकार करीब 60 प्रतिशत तक झुलसा है, जबकि दूसरे के करीब 20 प्रतिशत झुलसने की बात सामने आई है। तीसरा कलाकार भी आग से झुलसा है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद घायलों के परिजन चिंता में हैं जिस पर्व को परिवार और गांव के लोग मिलकर खुशी से मनाने की तैयारी कर रहे थे, वहां अचानक हुए इस हादसे ने सबको झकझोर दिया है।

