बलौदा बाजार:- बलौदाबाजार शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसलों का एक मामला सामने आया है। रायपुर रोड स्थित शराब दुकान के पास तीन युवकों ने एक युवक पर मिर्च पाउडर फेंककर मोबाइल और नगदी लूट ली। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पीड़ित और उसके दोस्तों की सतर्कता से पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बाइक में बैठते ही किया हमला
जानकारी के मुताबिक ग्राम मोहतरा निवासी शिवकुमार यादव अपने मित्र नरेश ध्रुव के साथ 23 मई शनिवार रात शराब दुकान से सामान लेकर बाइक पर बैठ रहे थे। इसी दौरान पीछे से पहुंचे तीन युवकों ने अचानक शिवकुमार के चेहरे पर मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए धमकी दी और पैसे व मोबाइल छीनने की कोशिश की।
विरोध करने पर ईंट-पत्थर से हमला
जब शिवकुमार ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर ईट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में युवक को चोटें आई। आरोपी उसकी जेब से मोबाइल फोन और करीब 1500 रुपये नगद लूटकर मौके से भाग निकले।
दोस्तों की बहादुरी से पकड़ा गया पहला आरोपी
घटना के तुरंत बाद पीड़ित और उसके दोस्तों ने आरोपियों का पीछा किया। भाग रहे एक आरोपी गौतम कुर्रे को मौके पर ही पकड़ लिया गया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस भी सक्रिय हुई और आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके दो अन्य साथियों को भी दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया।
एक घंटे के भीतर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और नगदी रकम भी बरामद कर ली है।

