कवर्धा :- छत्तीसगढ़ के कबीरधाम (कवर्धा) जिले में लोहारा पुलिस ने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए पत्नी की हत्या के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुद ही थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। पुलिस की सूझबूझ और साइबर सेल की तकनीकी जांच से पूरे मामले का खुलासा हो गया।
चरित्र शंका में की पत्नी की निर्मम हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी द्रोणाचार्य वर्मा अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आरोपी ने ईंट और सीएफएल बल्ब से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
हत्या के बाद खुद पहुंचा थाने
वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने चालाकी दिखाते हुए खुद ही लोहारा थाने पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। वह लगातार पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा ताकि किसी को उस पर शक न हो।
लोहारा पुलिस और साइबर सेल ने खोला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए लोहारा पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले सबूतों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी की कहानी में विरोधाभास पाया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी द्रोणाचार्य वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है।

