कवर्धा:- भोरदमदेव थाना इलाके के सरोधा डैम में दोस्तों के साथ नहाने गए युवक की मौत डूबने से हो गई. पुलिस के मुताबिक शुक्रवार देर शाम युवक अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए डैम पर गया था. करीब 100 मीटर की दूरी पर डैम में तैरने के बाद शुभम पानी में डूब गया. हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने पानी में लापता युवक को खोजने का अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद भी शव शुक्रवार की रात तक नहीं मिला. इसके बाद शनिवार को एक बार फिर से रेसक्यू अभियान शुरू किया गया. करीब 28 घंटे बाद शव को गहरे पानी से बाहर निकालने में एसडीआरएफ टीम को मछुआरों की मदद से सफलता मिली.
तैरने की लगाई थी बाजी
पुलिस के अनुसार शुभम अपने तीन दोस्तों के साथ सरोधा डैम के पीछे स्थित डुबान क्षेत्र में नहाने गया था. दोस्तों ने बताया कि नहाने के दौरान दोस्तों के बीच तैराकी की बाजी लगी. इसी दौरान शुभम डैम के दूसरे किनारे की ओर लगभग 100 मीटर तक आगे निकल गया. कुछ ही देर बाद वह गहरे पानी में समा गया और साथियों की नजरों से ओझल हो गया. दोस्तों ने काफी देर तक अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिलने पर परिजनों और भोरमदेव थाना पुलिस को हादसे की सूचना दी.
एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और शुक्रवार शाम से ही रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया. जिला सेनानी कार्यालय के सहायक उप निरीक्षक के.के. श्रीवास्तव ने बताया कि पहले दिन 8 सदस्यीय टीम ने देर शाम तक डैम में खोजबीन की. शनिवार को 12 सदस्यीय दल ने सुबह से शाम तक लगातार तलाश अभियान चलाया, लेकिन शाम करीब साढ़े पांच बजे तक भी युवक का कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद टीम वापस लौट गई.

