मोहला:- मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम गुंडरदेही में शुक्रवार सुबह करीब 10:50 बजे एक ट्रक ने 12 वर्षीय बालिका को कुचल दिया। हादसे के बाद नशे में धुत चालक ट्रक लेकर फरार हो गया और स्टेट हाईवे पर कई स्थानों पर लोगों की जान जोखिम में डालते हुए भागता रहा।
पुलिस ने पूरे मामले को लेकर क्या कहा
पुलिस के अनुसार आरोपित चालक ने लगभग 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रक दौड़ाया। इस दौरान उसने मोहला और मानपुर में पुलिस की दो बैरिकेडिंग तोड़ दी और जवानों को भी कुचलने का प्रयास किया। करीब 55 किलोमीटर तक पुलिस की कई गाड़ियां उसका पीछा करती रहीं। आखिरकार कोरकोट्टी के पास ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ, जिसके बाद चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी देवी सिंह के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के समय वह नशे की हालत में था। उसके खिलाफ अंबागढ़ चौकी थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है।

