बिलासपुर :- जिले के पचपेड़ी तहसील अंतर्गत ग्राम गोड़ाडीह के एक किसान ने अपने हल्का पटवारी पर नामांतरण कार्य के एवज में 15 हजार रुपये रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। किसान लक्ष्मेन्द्र पिता लकेश्वर ने प्रशासन को सौंपे गए शिकायत पत्र में बताया कि वह आर्थिक रूप से कमजोर है और अपने बच्चों की शादी के लिए अपनी निजी भूमि खसरा नंबर 520/1/ग रकबा 0.1170 हेक्टेयर को बेचना चाहता है। इसके लिए भूमि के नामांतरण (नाबालिग से बालिग दर्ज करने) की प्रक्रिया पूर्ण कराने हेतु उसने 3 अप्रैल 2026 को राजस्व विभाग में आवेदन प्रस्तुत किया था।
शिकायत के अनुसार हल्का नंबर 19 ग्राम गोड़ाडीह में पदस्थ पटवारी राहुल साहू से नामांतरण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के संबंध में संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर 15 हजार रुपये की मांग करते हुए कहा कि राशि दिए बिना रिपोर्ट आगे नहीं बढ़ाई जाएगी और नामांतरण का कार्य नहीं होगा। किसान का आरोप है कि तहसीलदार द्वारा 26 मई 2026 को आदेश जारी कर आवेदकों एश्वरिया एवं लक्ष्य राय को बालिग घोषित करते हुए आवश्यक राजस्व अभिलेखों में संशोधन करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद पटवारी द्वारा आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है।
पीड़ित किसान ने शिकायत में कहा है कि वह एक गरीब कृषक है और सरकारी कर्मचारी द्वारा खुलेआम पैसों की मांग किया जाना अत्यंत अनुचित एवं भ्रष्टाचार की श्रेणी में आता है। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पटवारी के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करने तथा बिना किसी अवैध शुल्क के उसका नामांतरण कार्य पूरा कराने की मांग प्रशासन से की है।

