सूरजपुर:- लटोरी पुलिस चौकी इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां शराब के नशे में चूर मां के हाथों से तीन माह का मासूम बच्चा जमीन पर गिर गया, हादसे में बच्चे की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
शराब के नशे में मां के हाथों से गिरा बच्चा
पूरी घटना लटोरी चौकी क्षेत्र के चेरवा गांव की है. तीन माह के मासूम बच्चे के माता पिता दोनों ने शराब पी रखी थी. नशे की हालत में दोनों बच्चे को लेकर घर की ओर जा रहे थे. बच्चा उस वक्त मां की गोद में था. मां नशे की हालत में बच्चे को संभाल नहीं पाई और बच्चा उसकी गोद से जमीन पर गिर गया. बच्चा जब जमीन पर गिरा तो सिर के बल गिरा, जिससे उसके माथे पर चेहरे पर गंभीर चोटें आईं.
डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित किया
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल बच्चे को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.

