बेमेतरा :- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। जिले के राउलपुर गांव में घर के पास बनी कच्ची मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार की चपेट में आने से दो सगी बहनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
हाथ धोने गई थीं दोनों बहनें, अचानक ढह गई दीवार
जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय वंशिका और 10 वर्षीय राधिका खाना खाने के बाद घर के बाहर हाथ धोने गई थीं। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण कमजोर हो चुकी कच्ची मिट्टी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और दोनों बच्चियां उसके नीचे दब गईं। हादसे के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
एक दिन पहले ही रायपुर से गांव लौटा था परिवार
बताया जा रहा है कि दोनों बच्चियां अपने माता-पिता के साथ एक दिन पहले ही रायपुर से अपने गांव राउलपुर लौटी थीं। परिवार गांव आने की खुशियां मना ही रहा था कि कुछ ही घंटों में यह खुशी मातम में बदल गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

