रायपुर:- उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के दौरे पर रहेंगे. अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान वे एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन ने उनका मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया है.
सुबह दिल्ली से रायपुर के लिए रवाना होंगे उपराष्ट्रपति
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सुबह 7 बजकर 35 मिनट पर उपराष्ट्रपति भवन से सड़क मार्ग से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे. सुबह 7 बजकर 55 मिनट पर दिल्ली एयरपोर्ट से विशेष विमान से रायपुर के लिए उड़ान भरेंगे. करीब दो घंटे की उड़ान के बाद सुबह 9 बजकर 55 मिनट पर स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय विमानतल रायपुर पहुंचेंगे.
एम्स रायपुर के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उपराष्ट्रपति का रिसेप्शन और इंट्रोडक्शन होगा. इसके बाद वे सुबह 10 बजकर 5 मिनट पर सड़क मार्ग से एम्स रायपुर के लिए रवाना होंगे. 10 बजकर 45 मिनट पर एम्स परिसर पहुंचेंगे. यहां उपराष्ट्रपति कुछ समय ग्रीन रूम में रहेंगे. इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजकर 20 मिनट तक एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे.
दोपहर बाद दिल्ली लौटेंगे
दीक्षांत समारोह के बाद दोपहर 12 बजकर 20 मिनट से 12 बजकर 35 मिनट तक समय आरक्षित रखा गया है. इसके बाद उपराष्ट्रपति दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर एम्स रायपुर से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और करीब 1 बजकर 15 मिनट पर स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे.
यहां 1 बजकर 15 मिनट से 1 बजकर 25 मिनट तक विदाई कार्यक्रम होगा. इसके बाद दोपहर 1 बजकर 25 मिनट पर विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे. लगभग 3 बजकर 25 मिनट पर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद वे सड़क मार्ग से उपराष्ट्रपति भवन के लिए रवाना होंगे.

