रायपुर:- छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का आज तीसरा और अंतिम दिन है. समापन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज दिल्ली से रायपुर पहुंचने वाले हैं. केंद्रीय गृहमंत्री के राज्योत्सव के समापन समारोह में आने वाली भीड़ को लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं. कांग्रेस पार्टी का आरोप है कि अमित साह के कार्यक्रम को लेकर भीड़ जुटाने की कोशिश की जा रही है. कांग्रेस का कहना है कि ऐसा आरोप वो इसलिए लगा रही है कि समापन समारोह से पहले खाद्य विभाग का एक आदेश सामने आया है.
राज्योत्सव कार्यक्रम में भीड़ जुटाने का आरोप
कांग्रेस के मुताबिक आदेश में खाद्य विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ राशन दुकान संचालकों को भी राज्योत्सव में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने के निर्देश मिले हैं. हालांकि इस आदेश के संबंध में कोई भी आधिकारिक बयान या दस्तावेज सामने नहीं आया है. कांग्रेस का आरोप है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे से ठीक पहले जारी इस आदेश का सीधा मकसद सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग. कांग्रेस का दावा है कि राज्योत्सव में लोगों की कम उपस्थिति की आशंका के चलते कर्मचारियों और राशन दुकान संचालकों को बुलाया जा रहा है. कांग्रेस के इन आरोपों पर फिलहाल बीजेपी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
खाद्य विभाग का आदेश, शाम 4 से 7 बजे तक अनिवार्य उपस्थिति:कांग्रेस
कांग्रेस का कहना है, ”रायपुर कलेक्टर कार्यालय की खाद्य शाखा से 2 नवंबर को जारी आदेश में कहा गया है कि 3 नवंबर को राज्योत्सव के शासकीय कार्यक्रम में खाद्य विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी शाम 4 बजे से 7 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे. आदेश में सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करने और कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी हैं. आदेश में कड़ाई से पालन करने की बात कही गई है.”
राशन दुकान संचालकों को भी बुलाने का कांग्रेस ने लगाया आरोप
कांग्रेस का आरोप है कि केवल खाद्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को ही नहीं, बल्कि पीडीएस यानी राशन दुकानों के संचालकों को भी राज्योत्सव में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं. पार्टी का दावा है कि पंचायत और शिक्षा विभाग में भी इसी तरह के निर्देश जारी किए गए हैं.
भीड़ जुटाने के लिए सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल: कांग्रेस
कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने इस आदेश को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है. सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, ”राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ की जनता की कम भागीदारी को लेकर सरकार चिंतित है. शुक्ला के मुताबिक, छत्तीसगढ़ महतारी और प्रदेश की संस्कृति के कथित अपमान के कारण लोग राज्योत्सव में जाने से परहेज कर रहे हैं.इसी वजह से भीड़ जुटाने के लिए सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल किया जा रहा है.

