खैरागढ़ :- राज्योत्सव समारोह कवर करने के लिए पत्रकार से मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. वरिष्ठ पत्रकार किशोर सोनी के साथ हुई मारपीट से नाराज जिले भर के पत्रकारों ने जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. फतेह सिंह मैदान के मुख्य गेट पर करीब दो घंटे तक धरना-प्रदर्शन कर पत्रकारों ने दोषी CAF जवान के तत्काल निलंबन की मांग उठाई. पत्रकारों के कड़े विरोध के बाद संबंधित CAF जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल को स्वयं धरना स्थल पर पहुंचकर पत्रकारों से चर्चा की. उन्होंने पत्रकारों की समस्याएं सुनीं और पूर्व में सौंपे गए ज्ञापनों सहित पुरानी मांगों पर भी कार्रवाई का आश्वासन दिया.
क्या है पूरा घटनाक्रम ?
पूरा मामला जिला प्रशासन के तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरस मेले की कवरेज के दौरान का है. जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौर के अनुसार, वरिष्ठ पत्रकार किशोर सोनी कार्यक्रम की कवरेज के लिए फतेह सिंह मैदान पहुंचे थे. इसी दौरान बाइक को साइड करने की बात पर पुलिसकर्मियों ने उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पत्रकारों में भारी आक्रोश फैल गया. इसके बाद सभी पत्रकार एकजुट होकर मैदान के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए. उनकी स्पष्ट मांग थी कि मारपीट करने वाले CAF जवान को तत्काल निलंबित कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
CAF जवान निलंबित लेकिन जिला पत्रकार संघ ने उठाए सवाल
वहीं जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौर ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पत्रकार संघ पहले भी स्थानीय समस्याओं और दूसरी प्रशासनिक मामलों को लेकर कई बार ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन उन पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने सवाल उठाया कि जब पत्रकार संघ द्वारा उठाई गई समस्याओं और ज्ञापनों पर ही कार्रवाई नहीं होती, तो आम नागरिकों की शिकायतों को लेकर प्रशासन कितना गंभीर होगा.

