कोरबा :- जिले के कटघोरा क्षेत्र के डिंडोलभाठा गांव में मछली पकड़ने गए एक ग्रामीण की उफनते नाले में बहने से मौत हो गई। करीब 48 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने बुधवार को शव बरामद किया।
मिली जानकारी के अनुसार, डिंडोलभाठा निवासी 52 वर्षीय बंधु लोहार सोमवार को गांव के पास स्थित नाले में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान अचानक नाले का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव में वे बह गए। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मंगलवार सुबह घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
मिलते ही थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तेज बहाव और लगातार बारिश के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद ली, जिसके बाद टीम ने पूरे दिन सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि अंधेरा होने और पानी का बहाव अत्यधिक होने के कारण अभियान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।
बुधवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने दोबारा तलाश शुरू की। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बंधु लोहार का शव नाले से बरामद कर लिया गया। बताया जा रहा है कि यह नाला आगे जाकर अहिरन नदी में मिलता है, जहां लगातार बारिश के चलते जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

