धमतरी:- दीपावली का त्योहार रविवार 8 नवंबर को मनाया जाएगा, लेकिन उससे 4 दिन पहले ही पुलिस विभाग ने प्रमोशन लिस्ट जारी कर दी है. 4 जवानों को प्रमोट कर उनको प्रधान आरक्षक बना दिया गया है. जिन लोगों को प्रमोट किया गया है उनके काम की तारीफ खुद एएसपी और एसपी कर चुके हैं.
दीपावली से पहले मिला प्रमोशन का गिफ्ट
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज, रायपुर अमरेश कुमार मिश्रा की ओर से जारी पत्र में 2026 की योग्यता सूची के तहत यह प्रमोशन दिया गया है. बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी भावना पांडेय और एएसपी शैलेंद्र पांडेय ने पदोन्नत जवानों के कंधों पर नई फित्ती लगाकर उन्हें नए पद की जिम्मेदारी सौंपी गई. अफसरों ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज से आपकी जिम्मेदारी दोगुनी हो गई है.
इन जवानों को मिला प्रमोशन
संतोष ठाकुर
संतोष दुबे
छोटेलाल साहू
थान सिंह चंद्राकर
अफसरों ने की जवानों के काम की तारीफ
एसपी भावना पांडेय ने जवानों से कहा कि वो अपना काम सेवा और समर्पण के साथ करें. कार्य में ईमानदारी और अनुशासन लाएं ताकि एक संदेश लोगों के बीच जाए कि पुलिस हमारी सेवा के लिए है. एसपी ने जवानों से कहा कि वो अपनी जिम्मेदारियों को अपना कर्तव्य समझें. एएसपी शैलेंद्र पांडेय ने भी पदोन्नत जवानों को बधाई देते हुए कहा, यह उनके कार्य और समर्पण का सम्मान है. उन्होंने जवानों को नए पद के अनुरूप अपनी कार्यशैली बनाए रखने और विभाग की गरिमा के अनुरूप कर्तव्यों का पालन करने के लिए उनका हौसला बढ़ाया.
धनतरेस से पहले मिली सौगात
धनतेरस से पहले मिली इस पदोन्नति ने जवानों की खुशियां दोगुनी कर दी हैं. एसपी भावना पांडेय ने सभी का मुंह मीठा कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. कार्यक्रम में डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े, निरीक्षक (एम) अखिलेश शुक्ला सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और सभी ने पदोन्नत जवानों को बधाई दी.

