जशपुरनगर:- जिले के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री ने बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में युवा रोजगार कौशल कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इस कार्यक्रम के माध्यम से जिले के सभी 8 विकासखंडों के करीब 15 हजार युवाओं को रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण और करियर मार्गदर्शन दिया जाएगा.
MoU भी किया गया
इस मौके पर जिला प्रशासन और वाधवानी फाउंडेशन के बीच तीन साल के लिए एमओयू भी किया गया. कार्यक्रम का संचालन फाउंडेशन के सहयोग से स्किल्स डेवलपमेंट नेटवर्क (SDN Trust) के माध्यम से होगा. इसका उद्देश्य युवाओं को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित न रखते हुए उन्हें नौकरी, स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए व्यावहारिक रूप से तैयार करना है.
40 घंटे का प्रशिक्षण
कार्यक्रम के तहत प्रत्येक युवा को लगभग 40 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा. युवाओं को 1800 से अधिक करियर विकल्पों की जानकारी देकर उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार भविष्य की राह चुनने में मदद की जाएगी. खास बात यह है कि करियर चयन से लेकर नौकरी की तैयारी तक पूरी प्रक्रिया में निःशुल्क मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा.
नौवीं से कॉलेज और आईटीआई तक पहुंचेगा कार्यक्रम
इस योजना को जिले के स्कूलों, महाविद्यालयों, आईटीआई और व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थानों में लागू किया जाएगा. कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण मिलेगा. कॉलेज के विद्यार्थियों को नौकरी और उद्यमिता के लिए तैयार किया जाएगा. वहीं आईटीआई एवं तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों को अपने ट्रेड से जुड़े ज्ञान के साथ सॉफ्ट स्किल्स और स्वरोजगार की जानकारी दी जाएगी.
एआई और कंप्यूटर की बारीकियां भी सीखेंगे युवा
बदलते दौर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कंप्यूटर ज्ञान, संवाद एवं पारस्परिक व्यवहार, कार्य उत्पादकता और व्यावसायिक दक्षता जैसे विषय शामिल किए गए हैं. इसके अलावा युवाओं को वित्तीय साक्षरता, स्टार्टअप और अपना व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी. नौकरी की तैयारी के लिए रिज्यूमे तैयार करना, मॉक इंटरव्यू और इंटरव्यू देने का तरीका भी सिखाया जाएगा.
नौकरी के साथ खुद का व्यवसाय शुरू करने में भी मिलेगी मदद
कार्यक्रम का लक्ष्य प्रशिक्षण देने के साथ युवाओं को रोजगार के वास्तविक अवसरों से जोड़ना है. इसके लिए नियोक्ताओं के नेटवर्क के माध्यम से नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. वहीं अपना व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक युवाओं को स्थानीय स्तर पर उद्यम स्थापित करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए छह से 12 महीने तक मार्गदर्शन दिया जाएगा.
ऑनलाइन प्रशिक्षण और प्रमाण-पत्र की सुविधा
जिला प्रशासन और वाधवानी फाउंडेशन के बीच हुआ एमओयू तीन वर्षों के गैर-वित्तीय सहयोग पर आधारित है. इसके तहत SDN Trust ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, एआई आधारित टूल्स, प्रशिक्षण सामग्री, शिक्षकों के प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और ऑनलाइन मूल्यांकन की व्यवस्था करेगा. प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले युवाओं को प्रमाण-पत्र भी दिया जाएगा. हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में एआई ट्यूटर तथा ऑनलाइन अध्ययन की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
वाधवानी फाउंडेशन दो दशकों से अधिक समय से कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में काम कर रहा है. संस्था के माध्यम से देश में 50 लाख से अधिक शिक्षार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है. संस्था NCVET मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण व्यवस्था से भी जुड़ी है. वर्ष 2025 में भी संस्था ने 2.5 लाख युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने में सहयोग किया था.

