सरगुजा:- जिले के दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हरता में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक घर के अंदर पति-पत्नी का शव खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक दंपत्ति की पहचान पति रीमा और पत्नी उर्मिला के रूप में की गई है। दोनों के सिर पर गहरे चोट के निशान हैं, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि दोनों की बेरहमी से हत्या की गई है।
सुबह जब घर के दरवाजे देर तक नहीं खुले, तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद ग्राम सरपंच को सूचना दी गई। सरपंच मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को खबर दी। कुछ ही देर में दरिमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां दोनों का शव जमीन पर पड़ा हुआ था।
घटना स्थल को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि अपराधी दंपत्ति को जान से मारने के इरादे से घर में घुसे थे। घर में सामान भी बिखरा हुआ पाया गया है, जिससे लूटपाट की भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पुलिस ने घर को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।
दरिमा थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। दोनों के सिर पर धारदार वस्तु से वार किए गए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि “हम हर एंगल से जांच कर रहे हैं, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

