दिल्ली : भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी को लेकर बवाल बढ़ता ही जा रहा है। यौन शोषण के आरोप में घिरे बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी को लेकर सभी रेसलर जंतर-मंतर में डटे हुए हैं। एफआईआर दर्ज होने के बाद भी बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी नहीं हो रही है जिसे लेकर विपक्षी पार्टी ने भी भाजपा पर हमला बोल दिया है। वहीँ इस बीच कल बुधवार देर रात दिल्ली पुलिस और रेसलर्स के बीच जमकर विवाद हुआ है।
रेसलर्स का आरोप है कि कुछ पुलिस वाले नशे में आए और रेसलर्स के साथ विवाद करने लगे। इसी बीच झड़प में रेसलर राकेश यादव का सिर फट गया। विनेश फोगाट के भाई दुष्यंत भी घायल हैं। विनेश और साक्षी जैसी मेडल जीतने वाली रेसलर्स रोने लगीं। अगली सुबह यानी गुरुवार को बजरंग पूनिया ने कहा कि हम अपने मेडल्स भारत सरकार को लौटा देंगे। बॉक्सर विजेंद्र सिंह ने कहा कि अब यह लड़ाई लंबी चलेगी।
#WATCH | Delhi: A scuffle breaks out between protesting wrestlers and Delhi Police at Jantar Mantar pic.twitter.com/gzPJiPYuUU
— ANI (@ANI) May 3, 2023
पहलवानों ने कहा कि बारिश के चलते सड़क गीली हो गई थी। जब धरना स्थल पर बिस्तर लेकर पहुंचे तो पुलिसवालों ने रोक लिया। नशे में पुलिसवालों ने मारपीट की और अपशब्द कहे। पहले रेसलर्स कह रहे थे कि पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
दिल्ली महिला आयोग अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा – मैं फिर से लड़कियों (पहलवानों) से मिलने आई हूं क्योंकि यह मेरा कर्तव्य है। पहलवान विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने हमें बताया कि उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा था, और वहां पुलिस अधिकारी थे जो नशे में थे और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। मैं उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हूं। बृजभूषण को क्यों बचा रही है दिल्ली पुलिस? दिल्ली पुलिस उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही है?

