रायपुर :- रक्षाबंधन के पावन पर्व पर केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों से मिलने और उन्हें राखी बांधने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जेल प्रशासन ने बहनों के लिए मुलाकात का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया है।
जेल प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, रक्षाबंधन के अवसर पर केवल बहनों को ही बंदियों से मिलने और राखी बांधने के लिए जेल के भीतर प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। मुलाकात के लिए आने वाली बहनों को अपने साथ वैध पहचान-पत्र रखना अनिवार्य होगा।
एक बंदी से मिलने अधिकतम 3 बहनों को प्रवेश
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एक बंदी से मिलने और राखी बांधने के लिए अधिकतम 3 बहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। जेल परिसर में प्रवेश के दौरान सुरक्षा जांच की जाएगी और निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
प्रति बंदी 100 ग्राम मिठाई की अनुमति
जेल प्रशासन ने राखी के साथ मिठाई ले जाने को लेकर भी नियम तय किए हैं। प्रति बंदी केवल 100 ग्राम मिठाई ले जाने की अनुमति होगी। इसके अलावा किसी भी प्रकार का अन्य खाद्य पदार्थ जेल के भीतर ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में बहनों के जेल पहुंचने की संभावना को देखते हुए जेल प्रशासन ने मुलाकात व्यवस्था और सुरक्षा के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन ने मुलाकात के लिए आने वाली बहनों से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
