फरीदाबाद :- हरियाणा के फरीदाबाद के सीही गांव में ढाई साल की बच्ची गिरी बोरवेल में गिर गई है. बच्ची को निकालने के लिए प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है. अब तक मिली जानकारी के मुताबिक जिस बोरवेल में बच्ची गिरी है, उसे नगर निगम ने खोदा था और बच्ची खेलते-खेलते बोरवेल में जा गिरी.
बोरवेल में गिरी बच्ची : फरीदाबाद के सीही गांव में ढाई साल की बच्ची 200 फीट गहरे बोरवेल में गिर गई. शाम करीब 7 बजे ये घटना हुई है. बच्ची बोरवेल के पास खड़े एक ट्रैक्टर पर चढ़कर खेल रही थी. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वो 200 फीट गहरे बोरवेल में जा गिरी.
नगर निगम का बोरवेल : अब तक मिली जानकारी के मुताबिक बोरवेल नगर निगम का था. हादसे की ख़बर मिलते ही गांव के लोग बोरवेल के पास जमा हो गए और स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी गई जिसके बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है.
बच्ची को बचाने की गुहार : बच्ची के पिता रामदीन ने कहा है कि बोरवेल करीब 10 साल से बंद था. कुछ दिन पहले उसका ढक्कन हट गया था. घटना के दौरान वे काम पर गए हुए थे. गांव के लोगों की सूचना पर उन्हें बेटी के बोरवेल में गिरने की सूचना मिली जिसके बाद उनका रो-रोकर बुरा हाल है. रामदीन ने सभी से अपनी बच्ची को बचाने की गुहार लगाई है. इस बीच फरीदाबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को बोरवेल से निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. ग्रामीणों की मदद से बोरवेल के पास की मिट्टी हटाई जा रही है. साथ ही ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्ची बोरवेल में कितनी गहराई में फंसी हुई है.
