कवर्धा:- शारदीय नवरात्रि पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा का भक्तिमय अंदाज देखने को मिला. पहले तो ई रिक्शा में गांव का भ्रमण किया और उसके बाद दुर्गा पूजन और ज्योति कलश पूजन कार्य़क्रम में वे शामिल हुए. इस दौरान जसगीत मंडली के साथ ना सिर्फ वे बैठे बल्कि हाथों में मंजीरा लेकर मंडली का पूरा साथ दिया.
भजन-कीर्तन कर लिया आनंद
बीती रात उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा कबीरधाम जिले के ग्राम ढोंघा और कोडार में आयोजित मां दुर्गा पूजन एवं ज्योति कलश पूजन कार्यक्रमों में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने माता के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की. भजन-कीर्तन के बीच उन्होंने स्वयं हाथों में मंजीरा थाम लिया और ग्रामीणों के साथ जसगीत गाने लगे. ढोलक, झांझ और मंजीरे की थाप पर वे भक्ति रस में झूमते नजर आए. माता के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया.
ई-रिक्शा में डिप्टी सीएम
इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने नेवारीगुड़ा में सजे भव्य दुर्गा पंडाल में भी पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए. खास बात यह रही कि वे किसी विशेष वाहन या बड़े काफिले के बजाय ऑटो में सवार होकर गांव पहुंचे. अचानक ऑटो से पहुंचे उप मुख्यमंत्री को देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए. उनका यह अंदाज लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना.
यहां का पंडाल है आकर्षण का केंद्र
दरअसल नेवारीगुड़ा में एक ही परिसर में 51 शक्तिपीठों, देशभर के 117 देवी-देवताओं और चारों धाम के दर्शन की व्यवस्था की गई है. इस अनूठे धार्मिक आयोजन के लिए विजय शर्मा ने ग्रामीणों और दुर्गा समिति के सदस्यों की सराहना की. धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से मुलाकात भी की. उन्होंने लोगों की समस्याएं और मांगें सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए.
बेटियों का सम्मान
वहीं बेटियों के सम्मान, शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कवर्धा में बालिका सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में 551 बालिकाओं का पारंपरिक विधि-विधान से पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया और उपहार भेंटकर शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित किया गया.

