मध्य प्रदेश :- करोड़ों महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है, जो लाडली बहना योजना की जुलाई महीने की किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। योजना की 38वीं किस्त आगामी 12 जुलाई को भिंड जिले से जारी होने की संभावना है। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश शुक्ला ने सोशल मीडिया पर इस कार्यक्रम की पुष्टि की है।
उन्होंने जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस बार का मुख्य कार्यक्रम भिंड के मेहगांव स्थित गल्ला मंडी में आयोजित किया जाएगा। इस भव्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सीधे हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में 1500 रुपये की राशि ट्रांसफर करेंगे। बता दें कि इससे पहले, योजना की 37वीं किस्त पिछले महीने 14 जून को जारी की गई थी, जब मुख्यमंत्री ने सागर जिले के केसली से राज्य की 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में 1500-1500 रुपये ट्रांसफर किए थे।
कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज
सीएम डा. मोहन यादव का 12 जुलाई को प्रस्तावित लहार दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कलेक्टर केएल मीना और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने लहार पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान लहार विधायक अंबरीश शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भाटनताल स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभा स्थल, मंच, ग्रीन रूम, वीआइपी व्यवस्था, हेलीपैड और पार्किंग स्थल की तैयारियों का अवलोकन किया गया।

