नई दिल्ली:- देशभर के सरकारी कर्मचारियों के लिए वित्त मंत्रालय ने अच्छी खबर दी है। जी हां इस बार सरकारी कर्मचारियों की सैलरी समय से पहले आने वाली है। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार कर्मचारियों की सैलरी 25 सितंबर यानि कल खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। ऐसा फैसला इसलिए लिया गया है क्यों कि सरकार 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल से पहले बैंकिंग सेवाएं बिना रुकावट जारी रखना सुनिश्चित करना चाहती है। हालांकि बैंक 27 तारीख रविवार को भी खुले रहेंगे।
सरकारी कर्मचारियों के खाते में समय से पहले आएगी सैलरी
वित्त मंत्रालय की ओर से नोटिफिकेशन में कहा गया है कि 26 और 27 सितंबर की सप्ताहांत की छुट्टियों के बाद, 28 से 30 सितंबर तक बुलाई गई देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए सरकार ने पहले से ही कदम उठाए हैं। मंत्रालय ने बताया कि रिजर्व बैंक आफ इंडिया ने 27 सितंबर को सभी बैंक शाखाओं, दफ्तरों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को खोलने की मंजूरी दे दी है, जिससे वे पूरी तरह से काम कर सकेंगी। बता दें कि यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन्स ने कहा है कि उप मुख्य श्रम आयुक्त के समक्ष मंगलवार हुई सुलह बैठक में कोई नतीजा न निकलने के कारण 28 सितंबर से तीन दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का फैसला बरकरार रहेगा।
अपनी मांगों को लेकर अड़े बैंक कर्मचारी
वहीं, हड़ताल का ऐलान करने वाले बैंक कर्मचारियों की मांगों पर गौर करें तो यूनियनों ने मुख्य रूप से पांच दिन के बैंकिंग सप्ताह को लागू करने और परफार्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव स्कीम को वापस लेने की मांग की है। उल्लेखनीय है वित्त मंत्रालय ने सोमवार को बैंक कर्मचारियों से हड़ताल करने से बचने और अपने शेष मांगों को संवाद के माध्यम से हल करने की अपील की थी जिसके बाद यह सुलह बैठक हुई। बैंकिंग कार्यबल के 90 प्रतिशत का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाला यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन्स अन्य मांगों के साथ मुख्य रूप से पांच दिन की बैंकिंग की मांग कर रहा है।
वित्त मंत्रालय ने जारी किया निर्देश
वित्त मंत्रालय ने सभी विभागों और मंत्रालयों को सलाह दी है कि वे बैंक हड़ताल को देखते हुए सितंबर महीने की सैलरी 25 सितंबर को ही एडवांस में बांट दें। वित्त मंत्रालय के तहत कंट्रोलर जनरल आफ अकाउंट्स की ओर से जारी एक आफिस मेमोरेंडम के अनुसार, 28-30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए सरकार ने फैसला किया है कि सितंबर 2026 महीने के लिए सभी केंद्र सरकार के कर्मचारियों की सैलरी, वेतन, पेंशन केंद्र सरकार के कार्यालयों (रक्षा, डाक और दूरसंचार सहित) द्वारा 25 सितंबर को निकाली और बांटी जा सकती है।

