यूपी :- सोनभद्र जिले के शक्तिनगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी. शुरुआत में जिस मामले को सड़क दुर्घटना समझा जा रहा था, पुलिस की गहराई से की गई जांच और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के जरिए उसने हत्या की इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया.
घर में प्रेमी संग पकड़े जाने पर रची साजिश
मृतक की पहचान रमाशंकर मिश्रा के रूप में हुई है, जो रीवा के रहने वाले थे और सोनभद्र में NCL (नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) में सीनियर ओवरमैन के पद पर तैनात थे. 23 अगस्त को बीना कॉलोनी के पास सड़क किनारे संदिग्ध हालत में उनका शव मिला था.
पुलिस पड़ताल में सामने आया कि 22 अगस्त को रमाशंकर मिश्रा ने अपनी पत्नी प्रियंका मिश्रा को अपने ही घर में प्रेमी विकास चौहान के साथ देख लिया था. इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच काफी विवाद हुआ. राज खुलने के डर से प्रियंका और विकास ने मिलकर रमाशंकर को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले रमाशंकर का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद वारदात को हादसा साबित करने के लिए उसके सिर को फर्श पर पटक कर गंभीर चोटें पहुंचाईं. साजिश को अंजाम देने के लिए प्रेमी विकास चौहान ने अपने दो साथियों, अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता को बुलाया. चारों ने मिलकर शव को गमछे में लपेटा और भोर (तड़के) में सड़क किनारे ले जाकर फेंक दिया ताकि मामला एक्सीडेंट लगे.
पिता के शक पर बदली जांच की दिशा
शुरुआत में पुलिस और स्थानीय लोग इसे सड़क दुर्घटना ही मान रहे थे, लेकिन मृतक के पिता रामयश मिश्रा ने बहू पर बेटे की हत्या कराने और अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगाले, जिससे पूरी साजिश की परतें खुलती चली गईं.
चारों आरोपी गिरफ्तार
शक्तिनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की साजिश में शामिल चारों आरोपियों- पत्नी प्रियंका मिश्रा, प्रेमी विकास चौहान, अनुराग सिंह और सोनू गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है.

