बिलासपुर :- पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कुकुर्दीकला में दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां घर के अंदर बिस्तर पर सो रही करीब साढ़े 9 साल की बच्ची को जहरीले सांप ने डस लिया। घटना 21 सितंबर की शाम करीब 7.55 बजे की बताई जा रही है। ग्राम कुकुर्दीकला निवासी सुधा साहू, पिता लक्ष्मण प्रसाद साहू, चौथी कक्षा में पढ़ती थी। रात में वह घर के अंदर बिस्तर पर सो रही थी, इसी दौरान घर में घुसे जहरीले सांप ने उसे डस लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और बच्ची को तत्काल उपचार के लिए मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद परिजनों ने सांप को पकड़ लिया था, जिसकी पहचान कोबरा के रूप में की जा रही है। मासूम बच्ची की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा है, वहीं घर के अंदर सो रही बच्ची को सांप के डसने की घटना से गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

