बिलासपुर:- सरकंडा क्षेत्र में एक महिला को उसके घर पहुंची अज्ञात महिला ने जेवर की डिजाइन बाहर भेजकर पैसे दिलाने का झांसा दिया और करीब 31 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गई। पीड़िता को जब ठगी का अहसास हुआ तो उसने आसपास महिला की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद 19 सितंबर को सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
सरकंडा क्षेत्र के इमलीभाठा बंधवापारा में रहने वाली सरस्वती श्रीवास(60) ने पुलिस को बताया कि 12 सितंबर की दोपहर करीब दो बजे वह घर में अकेली थी। इसी दौरान एक अनजान महिला वहां पहुंची। उसने बातचीत के दौरान पूछा कि क्या उसके पास सोने-चांदी के जेवर हैं।
महिला के हां कहने पर उसने जेवर दिखाने को कहा और बताया कि वह उनकी डिजाइन बाहर भेजेगी। इसके बदले महिला को पैसे मिलने और जेवर वापस करने की बात कही। उसकी बातों में आकर गृहिणी ने अपना मंगलसूत्र, गले का फरवाला लाकेट, कान के जेवर और पायल उसे दिखाए।
अज्ञात महिला ने बातचीत में उलझाकर मौका बनाया और सभी जेवर अपने साथ लेकर निकल गई। बाद में महिला ने जब जेवर वापस लेने की कोशिश की तो वह गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात महिला के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

