महाराष्ट्र:- पिंपरी-चिंचवड़ के पुराने सांगवी इलाके में दही हांडी उत्सव की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब अपने बेटे को गोविंदा बनकर दही हांडी फोड़ते देखने पहुंची एक मां की हादसे में मौत हो गई। बेटे की कामयाबी देखकर जिस मां के चेहरे पर खुशी थी, कुछ ही देर बाद उसी परिवार को उसकी मौत की खबर ने झकझोर दिया।
मृतका की पहचान 45 वर्षीय सलमा सलाउद्दीन पठान के रूप में हुई है। शुक्रवार रात वह अपने पति सलाउद्दीन के साथ दही हांडी उत्सव देखने पहुंची थीं। उनका बेटा विघ्नहर्ता दही हांडी मित्र मंडल का सदस्य है और गोविंदा बनकर दही हांडी फोड़ने में शामिल हुआ था।रात करीब 10:05 बजे गली नंबर-2 में दही हांडी फोड़ी गई। बेटे को उत्सव में हिस्सा लेते देखकर सलमा बेहद खुश थीं। कार्यक्रम खत्म होने के बाद उनके पति ने घर चलने के लिए कहा। दोनों आयोजन स्थल से बाहर निकल रहे थे, तभी करीब 10:30 से 10:45 बजे के बीच हादसा हो गया।
बताया गया कि कार्यक्रम में इस्तेमाल मंच के आर्च और लाइटिंग के लिए लगाए गए भारी लोहे के ढांचे को कार्यकर्ता खोल रहे थे। इसी दौरान लोहे का एक भारी एंगल अचानक नीचे गिर गया और सलमा के सिर पर जा लगा। गंभीर रूप से घायल सलमा की जान नहीं बचाई जा सकी।हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिवार इस घटना से गहरे सदमे में है और फिलहाल उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया है। हालांकि, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लेने की कोशिश की है और परिवार से शिकायत दर्ज कराने का आग्रह किया है।

