सूरजपुर:- जिले में एक युवक ने चाकू से अपनी ही गर्दन पर वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया. पारिवारिक विवाद के बाद हुई इस घटना से आसपास हड़कंप मच गया. गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय सूरजपुर में भर्ती कराया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है.
28 साल के युवक ने उठाया खौफनाक कदम
पूरा मामला बसदेई चौकी क्षेत्र के ग्राम रगदा का है. रगदा में रहने वाले 28 वर्षीय अमिर साय का किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि इसी विवाद के दौरान युवक ने चाकू से अपनी ही गर्दन पर वार कर लिया. जिससे उसके गले में गंभीर चोट आई है.
सिविल सर्जन ने कहा इलाज जारी
इस पूरे मामले को लेकर जिला चिकित्सालय सूरजपुर के सिविल सर्जन अजय मरकाम ने बताया कि युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी गर्दन पर चाकू से वार किया है. जिससे उसे गंभीर चोट आई है. अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया है.

