मुंगेली:- आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई. यह घटना ग्राम पंडरभठ्ठा मुख्य मार्ग पर उस समय हुई, जब महिला खेत से काम कर घर लौट रही थी. वहां मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
सड़क पर पैदल चलने के दौरान गिरी बिजली
सिटी कोतवाली क्षेत्र के पंडरभट्ठा ग्राम में यह हादसा 23 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे हुआ. मृतका की पहचान 46 वर्षीय गीता बाई पटेल निवासी ग्राम पंडरभट्ठा, थाना सिटी कोतवाली मुंगेली के रूप में हुई है. वह खेत से घर लौट रही थी, तभी खराब मौसम के बीच अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई.
घटना के समय गीता बाई अपने सिर पर बर्तन लेकर पैदल चल रही थी. तभी आकाशीय बिजली उस पर गिर गई. इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मुंगेली पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

