जांजगीर-चांपा:- जिले के नवागढ़ विकासखंड से एक बेहद शर्मनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है। ग्राम बोडसरा स्थित स्कूल परिसर में कथित आपत्तिजनक कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो ग्रामीणों द्वारा बनाया गया, जिसके सामने आते ही पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया है।
स्कूल, जिसे शिक्षा का मंदिर माना जाता है, उसके परिसर में इस तरह की घटना सामने आने से ग्रामीणों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि बच्चों के भविष्य निर्माण के केंद्र माने जाने वाले शैक्षणिक संस्थानों की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है, लेकिन वायरल वीडियो ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना को लेकर अभिभावकों ने गहरी चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं सोशल मीडिया पर भी मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए गलत संदेश देती हैं और ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

