बलरामपुर: जिले के विजयनगर हायर सेकेंडरी स्कूल में अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया. इसमें एक दर्जन से अधिक छात्र छात्राएं घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए तत्काल रामानुजगंज शासकीय अस्पताल लाया गया. इनमें चार छात्राओं की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है.
अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे
सूचना मिलने के बाद एसडीएम, तहसीलदार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य लोगों ने भी अस्पताल पहुंचकर छात्र छात्राओं से बात की. उनका हाल जाना और डॉक्टरों से भी जानकारी ली. अस्पताल में फिलहाल भर्ती छात्र छात्राओं के बेहतर इलाज के निर्देश डॉक्टरों को दिए गए हैं.
छात्रा ने कहा- अचानक मधुमक्खियां घुसीं
विजयनगर हायर सेकेंडरी स्कूल की में पढ़ने वाली छात्रा ने बताया कि हम लोग क्लास में बैठे हुए थे रिसेस का टाइम था तभी बड़ी संख्या में मधुमक्खियां अचानक से घुसीं और छात्र छात्राओं पर हमला कर दिया.
चार छात्राएं बलरामपुर रेफर, अन्य बच्चे सामान्य
स्पताल में पदस्थ डॉक्टर रूकमणी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि विजयनगर गांव के शासकीय स्कूल से कुछ बच्चों को मधुमक्खी काटने की वजह से यहां 100 बिस्तर अस्पताल में लाया गया था. जिनमें से चार बच्चों की स्थिति थोड़ी गंभीर थी इसलिए उन्हें बलरामपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है. अन्य बच्चों की हालत सामान्य है उनको अभी यहीं ऑब्जर्वेशन में रखा गया है.

