दंतेवाड़ा:- जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के कतियाररास गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना का खुलासा तब हुआ, जब घर से लगातार आ रही तेज दुर्गंध ने पड़ोसियों को शक में डाल दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के भीतर महिला का शव अत्यंत गंभीर अवस्था में मिला।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान झुमकी बाई के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लक्ष्मण कुंजाम ने धारदार हथियार से हमला कर पत्नी की हत्या की। घटनास्थल पर महिला का सिर और धड़ अलग-अलग मिले, जिससे वारदात की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस का अनुमान है कि घटना दो से तीन दिन पुरानी हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई दिनों तक घर से बदबू आने के बाद उन्होंने आसपास जाकर देखा और संदिग्ध स्थिति की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति लक्ष्मण कुंजाम को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह घरेलू विवाद बताई जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

