धमतरी :- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के दुगली थाना क्षेत्र के केकराखोली गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मां की ममता की छांव में सुकून से सो रही डेढ़ साल की मासूम को क्या पता था कि रात उसकी जिंदगी की आखिरी रात बन जाएगी। जहरीले करैत सांप ने मां और बेटी दोनों को डस लिया। इस हादसे में मासूम मनस्वी मरकाम की मौत हो गई, जबकि उसकी मां संतोषी बाई मरकाम अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, संतोषी बाई मरकाम अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी मनस्वी के साथ बिस्तर पर सो रही थीं। इसी दौरान जहरीला करैत सांप बिस्तर तक पहुंच गया और मां-बेटी दोनों को डस लिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने बिना देर किए दोनों को जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया। लेकिन अस्पताल पहुंचते ही परिवार की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा। डॉक्टरों ने मासूम मनस्वी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सांप के जहर से गंभीर रूप से प्रभावित मां संतोषी बाई का इलाज जारी है।मासूम बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। एक ही रात में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

