बलौदाबाजार :- छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा घोटिया मोड़ के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
खड़ी ट्रक में जा घुसी बाइक, तीनों युवक गंभीर
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक पर तीन युवक सवार थे। घोटिया मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रक से टकरा गई। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
इलाज के दौरान एक युवक ने तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया।घायलों में कोरासी निवासी हरक धीवर भी शामिल हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना को लेकर थाना प्रभारी प्रियेश जान के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना के पीछे क्या कारण रहे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

