छत्तीसगढ़:- विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन कई अहम मुद्दों और सरकारी कार्यों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है। प्रश्नकाल के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों पर सरकार की ओर से जवाब दिए जाएंगे, जबकि सदन में कई विभागों की वार्षिक रिपोर्ट और महत्वपूर्ण दस्तावेज भी प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार और शासकीय मुद्रणालय में कथित अनियमितताओं जैसे संवेदनशील मामलों पर चर्चा होने की संभावना है।
बुधवार की कार्यवाही में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत साहेब विभिन्न विभागों से जुड़े प्रश्नों का जवाब देंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सदन के पटल पर छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके अलावा मंत्री लखनलाल देवांगन और श्याम बिहारी जायसवाल भी अपने-अपने विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज सदन में रखेंगे।
आज की कार्यवाही में दो ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर विशेष चर्चा होने की संभावना है। इनमें इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार का मामला और शासकीय मुद्रणालय के प्रिंटिंग कार्यों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा प्रमुख रहेगा, जिन पर विपक्ष सरकार से जवाब मांग सकता है।
इसके अलावा विधायक विक्रम उसेंडी गैर-सरकारी सदस्यों के विधेयकों एवं संकल्पों से संबंधित समिति का पहला प्रतिवेदन सदन में पेश करेंगे। वहीं विधायक कुंवर सिंह निषाद, सावित्री मंडावी और राघवेंद्र सिंह विभिन्न याचिकाएं सदन के पटल पर रख सकते हैं। सदन की कार्यवाही के दौरान सात शासकीय विधि विषयक कार्य भी प्रस्तुत किए जाने की संभावना है।

