आरंग:- थाना क्षेत्र के ग्राम बनचरौदा में गुरुवार को एक शिक्षक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव गांव के मुक्तिधाम के पास सीसी रोड के अंतिम छोर पर बरामद हुआ। मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए जाने के बाद पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
आरंग थाना प्रभारी नरेश साहू के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे ग्रामीणों को मुक्तिधाम के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की जानकारी मिली। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान शिवकुमार चन्द्राकर (47) निवासी डगनिया (चंपारण) के रूप में हुई है। जो कुम्हारी के शासकीय विद्यालय में पदस्थ थे।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटना स्थल के पास ही मृतक का मोटर साइकिल खड़ी हुई मिली है। घटना की संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया है।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाने के साथ ही ग्रामीणों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों तथा मृतक के संपर्क में रहे लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

